Showing posts with label Thoughts. Show all posts
Showing posts with label Thoughts. Show all posts

Tuesday, June 21, 2011

"सॉरी" की फैशनेबल दुनिया

आज कलियुग में अंग्रेजी के "सॉरी" शब्द का महत्व बहुत बढ़ गया है। इस शब्द की महिमा अपरम्पार है । गलती छोटी हो या बड़ी ,सब की एक ही दवा है - "सॉरी"। राह चलते किसी को गलती से टक्कर मार दी या किसी का दिल दुखा दिया ,सॉरी शब्द आप के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है। आज कल इस शब्द को दिनचर्या में हम हजारो बार यूज कर ही लेते है । हमारी हिंदी भाषा में सॉरी शब्द को एक विदेशज शब्द के रूप में मान्यता मिल ही चुकी है।पर क्या "सॉरी" हिंदी भाषा के वैकल्पिक शब्द "क्षमा " के विनम्रता और गंभीरता को समेट पता है। इस प्रश्न के अन्वेषण करने की इच्छा मेरे मन को हर वक्त उद्वेलित करती रहती है ।
अगर हम दोनों शब्दों - " क्षमा कीजियेगा " और "सॉरी" के उपयोग के समय अगर अपनी बॉडी-लैंग्वेज पर ध्यान दे तो ,सॉरी के प्रयोग के समय उपरी दिखावा सा लगता है, पर 'क्षमा कीजियेगा" में विनम्रता और भारतीयता दोनों की झलक मिल जाती है। क्षमा मांगते वक्त सहज एक निश्छल मुस्कान आपके चेहरे पर खिल जाती है,वही दूसरी ओर सॉरी का प्रयोग महज एक खानापूर्ति लगती है । लेकिन क्या करे ,फैशन का जमाना है।इसमें जो दीखता है वही बिकता है। इसलिए अंग्रेजी सभ्यता के पर्याय बन चुके शब्द "सॉरी" का प्रयोग धड़ल्ले से जारी है। सभी दिशाओ में "सॉरी " रुपी गंगा बह रही है। सिर्फ आधी कुटिली मुस्कान के साथ हाथ उठाकर "सॉरी" कह देने से ही काम चल जाता है। जैसे फैशन के युग में किसी वस्तु की गारंटी नहीं होती ,ठीक उसी तरह सिर्फ "सॉरी" कहने से क्षमा मिल जाये ये जरुरी नहीं है। सॉरी कहने के बाद दुसरे के मन में क्या भाव उत्पन्न होते है यह देखना लाजमी होगा।
आधे मन से कहे गए "सॉरी" से सामने खड़े व्यक्ति के मन में क्षमा भाव उत्पन्न होने में संशय होता है ,क्योंकि ये शब्द सिर्फ खानापूर्ति का पर्याय रह गया है। पर दुसरे दृष्टिकोण से सोचिये, अगर अप रुककर विनम्र भाव से उस व्यक्ति से "क्षमा कीजियेगा भाईसाहब " कहे और दो मिनट अपने सहज मुस्कान से उसे प्रभावित करने के चेष्टा करे तो उस के मानस -पटल पर क्षमा के भाव आ सकते है। और अगर वो आपके व्यवहार से प्रसन्न हो जाये ,तो क्षमा मिल भी सकती है। पर खोखले शब्द "सॉरी" भले ही हलके फुल्के ढंग से प्रयोग किया जाये, पर क्षमा मांगने के भाव उसमे आएंगे ही नहीं।
"सॉरी" शब्द चाइनीज फास्ट फ़ूड की तरह है, हर गली-मोहल्ले में मिल जाये और फट से तैयार। सिर्फ एक झटके में बोल दो ,लगी तो तीर नहीं तो तुक्का। समाज में झल्लाहट में यह भी सुनाने को मिलता है-"किसी का गला भी कट दो और सॉरी बोल दो"। यह वाक्यांश "सॉरी" की सामाजिक मानदंड को आपको समझाने के लिए काफी है।

भारतीय संस्कृति में एक लोकोक्ति बहुत ही प्रचलित है-"क्षमा बडन को चाहिए ......."। पर यह लोकप्रिय लोकोक्ति पाश्चत्य शब्द "सॉरी" के तिलस्मी दुनिया में धूमिल होती जा रही है। पश्चिमीकरण के अंधे दौड़ में हम अपने संस्कृति से विमुख होते जा रहे है। हम "क्षमा" शब्द के विनम्रता को छोड़ पाखंडी शब्द "सॉरी" का दमन पकड़ रहे है। यह "सांस्कृतिक-प्रदुषण" का परिचायक है। पाश्चात्यीकरण के अंधे दौड़ में हम अपने संस्कृति को भूलते जा रहे है। अब समय आ गया है,हमें अपने आप को,अपने समाज को और अपने देश को इस "सांस्कृतिक प्रदुषण" से बचाने के प्रयास करे । वरना वह दिन दूर नहीं जब पूर्वी भारतीय संस्कृति विलुप्त हो जाये और हम पश्चिम के सांस्कृतिक गुलामी के बेडो में हम बंध जाये। अब भी वक्त है- "जाग जाओ"।

आज का मेरा यह "सार्थक प्रयत्न" आपको अपनी संस्कृति से जोड़ने में कितनी सहायक रही ,अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दे। पहले इस विषय पर मै व्यंग लिखना चाहता था, लेकिन विषय की गंभीरता ने मुझे अपने चिंतन को आपके सामने रखने पर मजबूर कर दिया। अगली बार इस विषय पर व्यंग लिखने का प्रयास करूँगा,आप सब समाजिक सरोकार से जुड़े इस ब्लॉग को अपनी आवाज़ बनाकर मेरी सोच को मज़बूत करे,यही मेरी हार्दिक गुज़ारिश है ।

Friday, June 17, 2011

भारतीय व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था और पप्पू

और फिर पप्पू पास हो गया! भारतवर्ष के व्यावसायिक शिक्षा का अकैडमिक कैलेंडर पलटा और देखते ही देखते कई पप्पू पास तो हुए पर बेरोज़गारी का प्रमाण पत्र लेकर । उत्पादकता के इस युग में युवा अपने बेहतर करियर के सपने संजोये हुए एम.बी.ए , बी.टेक सरीखे कोर्सों के ओर रुख करते है । कुकुरमुत्तो की तरह उग आये शिक्षण संसथान इन्हें बेहतर भविष्य का झांसा देकर अपने राजस्व को तो बढ़ा लेते है पर प्लेसमेंट न दिला पाने की इनकी नाकामी छात्रो को अँधेरे में धकेल देती है। और एक उत्साही छात्र , निराश पप्पू बन जाता है ।
आज पप्पू निराश है,उसके पास फर्स्ट डिविजन से सजी वोकेशनल डिग्री तो है पर जॉब खोजने पर दूर तक दिखाई नहीं देती । थक-हार कर निराश पप्पू अपने हालत पर रोता है । उस पर शिक्षा ऋण को चुकाने का बोझ तो है , लेकिन वह भी माँ-बाप के अरमानो तले दब जाता है । पप्पू को डर रहता है कही जमाना अब उसे नाकारा और निकम्मा कहेगा । पप्पू का कुलांचे भरता मन मानसिक अवसाद की और चलने लगता है। समाज का व्यंग बाण उसके हृदय को चीरता चला जाता है।
यहाँ यह यक्ष प्रश्न उठता है , की पप्पू के इस हालत के लिए हम ,हमारी शिक्षा नीती , हमारा समाज कितना जिम्मेदार है । "हम" जिम्मेदार इसलिए है की पप्पू के सपनो के दामान को हम अपने इच्छा और मांगो से भरने लगते है। पप्पू इसे अपनों सपनो में मज़बूरी में मेल करते जाता है। ना चाह कर भी वो गलत करियर चुनने को वह मजबूर हो जाता है। अपने महत्वकांक्षाओ को हमारे सोंच के तले दबाकर वह पप्पू बन जाता है। दूसरी जिम्मेदारी समाज की आती है। समाज में गॉसिप और व्यर्थ की चर्चा इसका एक महत्वपूर्ण कारण है।फलां के बच्चे ने ये डिग्री ली , अभी इस कंपनी में है ,लाखों में कमाता है - ये वाक्यांश पप्पू और उसके माँ-बाप को विचलित करने में सक्षम है । यहाँ एक आदर्श कमाई का सपना जन्म लेता है। अपनी क्षमता भूल वो लुभावनी कोर्सेस की तरफ भागने लगता है। अच्छे संस्थान आज से कुछ साल पहले उंगलियों पर गिने जा सकते थे , जहाँ यह कोर्से चलाये जाते थे । पर वक्त बदला , व्यावसायिकता के इस अंधे युग में ग्लैमर से भरे सपने को भुनाने के लिए कई झोलाछाप संस्थान का जन्म हुआ । जो लाज़वाब तामझाम और चकाचौंध व्यवस्था के चासनी में डुबोकर इन कोर्सेस को बेचना शुरु किया। जॉब की संभावना तो ग्लोबलोय्जेसन के कारण बढ़ी पर इतनी नहीं जितनी संख्या में यह संस्थान उभर कर आये। परिणाम सामने है कुशल बेरोजगारों की संख्या में वृद्धि। यानि ये संस्थान लाखों पप्पू हर साल पैदा कर रहे है। यहीं हमारी शिक्षा नीती भी कटघरे में आती है। जब हमारी सरकार जॉब मार्केट और अर्थव्यवस्था से वाकिफ है , तो इतंनी भारी संख्या में हर साल ऐसे संस्थाओ को मंजूरी क्यों दी जा रही है। यह विचार योग्य प्रश्न है,जिनके उत्तर हमें और हमारे समाज को ही तलाशने है।

आज मेरा यह "सार्थक प्रयत्न" कितना सार्थक रहा , अपनी प्रतिक्रिया देकर बताये। इस विषय पर तथ्यों के साथ फिर विश्लेषण करूँगा। यह भावनात्वक अन्वेषण की अभिव्यक्ति थी।

Thursday, June 16, 2011

मानसून की पहली बारिश

मानसून की पहली बारिश रांची को भिगो रही है । अनायास ही मुझे १०-१५ साल पुरानी रांची याद आ गयी जब हर दिन तपती गर्मी के बाद बारिश तापमान को कम कर दिया करती थी।स्कूल से घर लौटते हुए बारिश में भीगना मेरे विचारो में आज भी स्पंदन पैदा कर देती है। धरती और आकाश के बीच वात्सल्य के दृष्य हमारे मन को शांति पहुंचाते है। जैसे धरती बारिश की फुहार पाकर आह्लादित हो जाती है,वैसे ही हम इस विहंगम दृष्य को देखकर आनंद -पाष में बांध जाते है।
लगता है रांची की खोई फिजा लौट आई है। रांची के झारखण्ड की राजधानी बनाने के बाद हम इस बारिश रूपी श्रृंगार को भूल ही गए थे। पर समय ने करवट बदला और वर्ष २०११ का मानसून हमें हमारी खुशी लौटाते दिख रहा है। यह अमृतवर्षा धरतीमाता को तृप्त करने की चेष्टा कर रही है। अगर रांची की धरती तृप्त हुई तो जनमानस भी अवश्य संतुष्ट होगा। नदियाँ किलकारी मार बहेंगी, कूएँ और नलकूप लबालब भरकर खुशी का इज़हार करेंगे। पेयजल संकट दूर हो जायेगा । यह मानसून ब्रेक हमें कई सपने दिखा रहा है ,आशा है हमारे इन्द्रधनुषी सपने अवश्य पुरे होंगे। प्रकृति हमारे साथ न्याय करेगी।
यह आत्ममंथन आप सभी के साथ बांटने के पीछे मेरी यही परिकल्पना थी की आप मानसून से हमारे माधुर्य- मिलन के मर्म को मेरे मन के आयने से देखें । आप यूँ कह सकते है दृष्य वही है सिर्फ चश्मा बदल गया है। आशा करता हूँ ये मानसूनी वर्षा मेरे मन के साथ-साथ अप सबों को अपने प्रेम से सराबोर करेगी ।

अपने उद्गारो को आप तक पहुचने का यह "सार्थक प्रयत्न " आपको कैसा लगा, यह फीडबैक अपने विचारो एवं कमेंट्स से देने की कृपा करे ।