Showing posts with label चिंतन. Show all posts
Showing posts with label चिंतन. Show all posts

Friday, December 19, 2014

कडवी घूँट!



आज कई दिनों के बाद ठंडक भरी हवा सर्दी का एहसास दे गयी.सोचा चलो रजाई की गर्माहट का मज़ा ले लिया जाये.अलसाये,बिस्तर पर लेटा हुआ मानसिक पटल पर अंकित स्मृति चित्रों पर नजर फेरनी शुरू की.बायोस्कोप की तरह कई चलंत मानसिक चित्रों का मायाजाल मेरे सामने तैरने लगा.अब मन तो चंचल है कभी इस डाल तो कभी उस डाल छलांगे मारने लगा .युवावस्था से बचपन तक कई स्मृतियाँ अनायास ही जागृत हो उठी.कहाँ बचपन की वो निश्चलता और कहा युवा अवस्था का खोखलापन.खोखला कहना इसलिए मुझे जायज लगा क्योंकि हमने असल जीवन सुधा का पान करना छोड़ दिया है.मानव मशीन की तरह यांत्रिक हो गया है.न तो बचपन की तरह अनुशाषित परन्तु बिंदास दिनचर्या,न बचपन के जैसे सच्चे मित्र.अब तो पैसे कमाने की मशीन की सिवा कुछ न बचा आदमी.सोशल मीडिया साईट्स पर सामाजिक सरोकार की बात लिख कर,बड़े बड़े डिंग हांकने के सिवा आखिर हम कर भी क्या रहे है.हम कम्पुटर या स्मार्टफोन के माध्यम से भिन्न-भिन्न सोशल प्लेटफार्म पर अपनी निजी राय तो बना देते है और बड़ी-बड़ी उपदेशी छंदों को जो हम अपने सामाजिक प्रतिष्ठा के वृद्धि के लिए हम अंकित करते है.क्या हमने कभी अपने निजी जीवन में उस एक सामाजिक सरोकार के प्रयासों में हमने अपना मूल्यवान योगदान दिया है? प्रश्न बड़ा ही विचिलित करने वाला है,आत्मा हिल गयी.पाया,बचपन में जब हम निष्कपट थे,निश्चल थे ये काम अपने आप हो जाया करते थे.अगर खेलते-खेलते देखा की किसी बुजुर्ग का झोला गिर गया,हम झटपट दौड़ जाते थे सामान समेटने.पर जब आज किसी की मनोदशा बिखर जाती है अपने किसी करीबी की,क्या हम उसे समेटने जाते है.सिर्फ दो बोल संवेदना के बोल कर खानापूर्ति कर ली जाती है.रविवार का दिन हम सो के गुजर देते है ,पर किसी गरीब के मोहल्ले में जाकर बच्चो को एक घंटा पढ़ा नहीं पाते.कहते हैं,एक ही दिन तो काम से छुट्टी मिली है थोडा आराम कर लेते है.ऑफिस में मूल्यवर्धन यानि वैल्यू-एडिसन की बाते बहुत करते है,लेकिन समाज के मूल्य वर्धन में सिर्फ ज्ञान बांचने से ही काम चला लेते हैं .कहा भी गया है “पर उपदेश कुशल बहुतेरे”!
हृदय द्रवित हो गया जब रजाई में बैठ कर भी कंप-कंपाते हुए भावनाओ के मायाजाल और आत्म चिंतन में ये ख्याल आया-उनका क्या,जिनको रजाई क्या ओढने को एक चादर भी मयस्सर नहीं है.अचानक ध्यान भंग हुआ,माँ की आवाज़ कानो में टकराई,चाय पी लो ठंडी हो जाएगी.चाय कडवी थी शायद इस आत्म-चिंतन की तरह या मन ही कडवा हो गया था विचारो के भंवरजाल में खुद को तलाशते तलाशते .....

Tuesday, June 21, 2011

"सॉरी" की फैशनेबल दुनिया

आज कलियुग में अंग्रेजी के "सॉरी" शब्द का महत्व बहुत बढ़ गया है। इस शब्द की महिमा अपरम्पार है । गलती छोटी हो या बड़ी ,सब की एक ही दवा है - "सॉरी"। राह चलते किसी को गलती से टक्कर मार दी या किसी का दिल दुखा दिया ,सॉरी शब्द आप के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है। आज कल इस शब्द को दिनचर्या में हम हजारो बार यूज कर ही लेते है । हमारी हिंदी भाषा में सॉरी शब्द को एक विदेशज शब्द के रूप में मान्यता मिल ही चुकी है।पर क्या "सॉरी" हिंदी भाषा के वैकल्पिक शब्द "क्षमा " के विनम्रता और गंभीरता को समेट पता है। इस प्रश्न के अन्वेषण करने की इच्छा मेरे मन को हर वक्त उद्वेलित करती रहती है ।
अगर हम दोनों शब्दों - " क्षमा कीजियेगा " और "सॉरी" के उपयोग के समय अगर अपनी बॉडी-लैंग्वेज पर ध्यान दे तो ,सॉरी के प्रयोग के समय उपरी दिखावा सा लगता है, पर 'क्षमा कीजियेगा" में विनम्रता और भारतीयता दोनों की झलक मिल जाती है। क्षमा मांगते वक्त सहज एक निश्छल मुस्कान आपके चेहरे पर खिल जाती है,वही दूसरी ओर सॉरी का प्रयोग महज एक खानापूर्ति लगती है । लेकिन क्या करे ,फैशन का जमाना है।इसमें जो दीखता है वही बिकता है। इसलिए अंग्रेजी सभ्यता के पर्याय बन चुके शब्द "सॉरी" का प्रयोग धड़ल्ले से जारी है। सभी दिशाओ में "सॉरी " रुपी गंगा बह रही है। सिर्फ आधी कुटिली मुस्कान के साथ हाथ उठाकर "सॉरी" कह देने से ही काम चल जाता है। जैसे फैशन के युग में किसी वस्तु की गारंटी नहीं होती ,ठीक उसी तरह सिर्फ "सॉरी" कहने से क्षमा मिल जाये ये जरुरी नहीं है। सॉरी कहने के बाद दुसरे के मन में क्या भाव उत्पन्न होते है यह देखना लाजमी होगा।
आधे मन से कहे गए "सॉरी" से सामने खड़े व्यक्ति के मन में क्षमा भाव उत्पन्न होने में संशय होता है ,क्योंकि ये शब्द सिर्फ खानापूर्ति का पर्याय रह गया है। पर दुसरे दृष्टिकोण से सोचिये, अगर अप रुककर विनम्र भाव से उस व्यक्ति से "क्षमा कीजियेगा भाईसाहब " कहे और दो मिनट अपने सहज मुस्कान से उसे प्रभावित करने के चेष्टा करे तो उस के मानस -पटल पर क्षमा के भाव आ सकते है। और अगर वो आपके व्यवहार से प्रसन्न हो जाये ,तो क्षमा मिल भी सकती है। पर खोखले शब्द "सॉरी" भले ही हलके फुल्के ढंग से प्रयोग किया जाये, पर क्षमा मांगने के भाव उसमे आएंगे ही नहीं।
"सॉरी" शब्द चाइनीज फास्ट फ़ूड की तरह है, हर गली-मोहल्ले में मिल जाये और फट से तैयार। सिर्फ एक झटके में बोल दो ,लगी तो तीर नहीं तो तुक्का। समाज में झल्लाहट में यह भी सुनाने को मिलता है-"किसी का गला भी कट दो और सॉरी बोल दो"। यह वाक्यांश "सॉरी" की सामाजिक मानदंड को आपको समझाने के लिए काफी है।

भारतीय संस्कृति में एक लोकोक्ति बहुत ही प्रचलित है-"क्षमा बडन को चाहिए ......."। पर यह लोकप्रिय लोकोक्ति पाश्चत्य शब्द "सॉरी" के तिलस्मी दुनिया में धूमिल होती जा रही है। पश्चिमीकरण के अंधे दौड़ में हम अपने संस्कृति से विमुख होते जा रहे है। हम "क्षमा" शब्द के विनम्रता को छोड़ पाखंडी शब्द "सॉरी" का दमन पकड़ रहे है। यह "सांस्कृतिक-प्रदुषण" का परिचायक है। पाश्चात्यीकरण के अंधे दौड़ में हम अपने संस्कृति को भूलते जा रहे है। अब समय आ गया है,हमें अपने आप को,अपने समाज को और अपने देश को इस "सांस्कृतिक प्रदुषण" से बचाने के प्रयास करे । वरना वह दिन दूर नहीं जब पूर्वी भारतीय संस्कृति विलुप्त हो जाये और हम पश्चिम के सांस्कृतिक गुलामी के बेडो में हम बंध जाये। अब भी वक्त है- "जाग जाओ"।

आज का मेरा यह "सार्थक प्रयत्न" आपको अपनी संस्कृति से जोड़ने में कितनी सहायक रही ,अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दे। पहले इस विषय पर मै व्यंग लिखना चाहता था, लेकिन विषय की गंभीरता ने मुझे अपने चिंतन को आपके सामने रखने पर मजबूर कर दिया। अगली बार इस विषय पर व्यंग लिखने का प्रयास करूँगा,आप सब समाजिक सरोकार से जुड़े इस ब्लॉग को अपनी आवाज़ बनाकर मेरी सोच को मज़बूत करे,यही मेरी हार्दिक गुज़ारिश है ।